दिनदहाड़े दबंगों का आतंक: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दुकानदार से मारपीट, जान से मारने की धमकी

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर।थाना सिविल लाइन क्षेत्र में दिनदहाड़े दबंग बदमाशों द्वारा कानून व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। मून मिनी मार्ट नामक शोरूम में घुसकर दो दबंगों ने दुकानदार के साथ मारपीट की, दुकान का सामान तोड़ा और बाहर फेंक दिया। वारदात के बाद बदमाश दुकानदार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार अयान अहमद निवासी गुरुद्वारा, सिविल लाइन ने बताया कि ₹1500 की एक बोतल को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दबंग बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान अयान अहमद की उंगली में फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर पीड़ित को दबंगों से बचाया।

घटना की सूचना मिलने पर दुकानदार ने तत्काल 112 पुलिस को कॉल किया, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित के अनुसार, दबंग बदमाश डस्टर गाड़ी संख्या यूपी 22 एसी 0111 से आए थे।

दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में लिखित तहरीर देते हुए बताया कि वह डरा और सहमा हुआ है तथा उसे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.