लोन के नाम पर हुई ऑनलाइन ठगी में साइबर टीम की सफलता — ₹32,265/- की धनराशि पीड़ित के खाते में कराई गई वापस
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर, 29 जून। थाना कोतवाली कटरा साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर हुई धोखाधड़ी में त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹32,265/- की ठगी की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी।
जनपद मीरजापुर के लालडिग्गी पूरी कटरा निवासी अबरार अहमद पुत्र लाल मुहम्मद ने दिनांक 28 मार्च 2025 को थाना कोतवाली कटरा के एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर लिंक के माध्यम से ऑनलाइन लोन आवेदन करते समय उनके खाते से ₹32,265/- की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलते ही थाना कोतवाली कटरा की साइबर सेल टीम ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कार्य कर रही टीम ने तत्परता दिखाते हुए उक्त धनराशि को होल्ड करवाया और आगे की प्रक्रिया पूर्ण कर पीड़ित के खाते में उक्त राशि वापस कराई।
पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से संतुष्ट होकर पीड़ित अबरार अहमद ने थाना पहुंचकर मीरजापुर पुलिस के उच्चाधिकारियों व साइबर टीम का आभार जताते हुए सराहना की।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी—
अजीत कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना को0कटरा, मीरजापुर
आरक्षी इरफान अंसारी, साइबर सेल, थाना को0कटरा, मीरजापुर
