रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार 16 मार्च से 31 मार्च तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वन प्रभाग द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन स्थित वाइट हॉल में वाइट हॉल पब्लिक स्कूल एवं मनोरमा हायर सेकेंडरी स्कूल, शाहबाद के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभागीय निदेशक प्रवण जैन ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में इस प्रकार के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है और गंगा स्वच्छता अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाना जरूरी है।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया और गंगा स्वच्छता की शपथ भी कराई गई। जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए तो न केवल शहर बल्कि पूरा देश हरा-भरा बन सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा में प्लास्टिक या पूजा सामग्री न डालें। साथ ही उन्होंने बताया कि गंगा की स्वच्छता में सुधार हुआ है, लेकिन गंगा तट पर रहने वाले लोगों को और अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
