भाकपा माले का लालगंज तहसील में प्रदर्शन, राष्ट्रीय हड़ताल के समर्थन में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
लालगंज, मिर्जापुर। भाकपा माले और अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के नेतृत्व में 12 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय हड़ताल के समर्थन में लालगंज तहसील प्रांगण में हड़ताल, पैदल मार्च और सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं, मजदूरों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और तहसील प्रशासन के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने, मनरेगा को प्रभावी बनाने तथा कोल, मुसहर, बियार और गोड़ समुदाय को जनजाति का दर्जा देने की मांग उठाई गई। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के राज्य सचिव कामरेड सुधाकर यादव ने कहा कि मजदूरों द्वारा लंबे संघर्ष के बाद हासिल किए गए श्रम कानूनों को केंद्र सरकार ने मालिकों के पक्ष में बदल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा में साल भर काम और न्यूनतम मजदूरी की गारंटी सुनिश्चित करने के बजाय कानून को कमजोर किया गया है, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका प्रभावित हुई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों पर कार्रवाई की जा रही है तथा मिर्जापुर में आदिवासियों को उनकी पुश्तैनी जमीनों से बेदखल करने का अभियान चल रहा है। उन्होंने 23 फरवरी 2026 को भूमि अधिकार, कर्ज माफी और कथित बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में लखनऊ विधानसभा मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी की जिला सचिव जीरा भारती ने कहा कि प्रशासन और स्थानीय दबंगों द्वारा गरीबों, दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाओं में पुलिस प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है और वास्तविक भूमाफियाओं पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि गरीबों को उनकी जमीनों से बेदखल किया जा रहा है। उन्होंने कोल, मुसहर, गोड़ और बियार समुदाय को जनजाति का दर्जा देने और वनाधिकार कानून का लाभ सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के बाद उपजिलाधिकारी महेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। उपजिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा और उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले मामलों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रदर्शन में सुरेश बियार, चिंता बियार, रविशंकर, राजाराम यादव, बसंत कोल, लालचंद कोल, मनोज भारती, दिनेश बिंद, रामकेश भारती, भोला कोल, कंचन देवी, धनराजी देवी सहित सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल रहे।
khabre junction
