रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि मतदाता सूची सही और सटीक हो। जब मतदाता सूची में वास्तविक और योग्य मतदाता शामिल होंगे, तभी लोकतंत्र की नींव मजबूत हो सकेगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) प्रक्रिया से यह कार्य और अधिक सुगम हो जाएगा।
शनिवार को शहर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने बूथ स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एसआईआर की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सूची में फर्जीवाड़ा या त्रुटि बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।
भाजपा कार्यालय राम विहार में आयोजित इस बैठक में हरीश गंगवार ने कहा कि एसआईआर केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह जनसंपर्क और सक्रिय संगठनात्मक हस्तक्षेप का भी हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में बीएलए-2 की भूमिका सबसे अहम है, क्योंकि उन्हें ही घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटानी होती है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिक और समन्वित प्रयास की अपील करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर ब्लॉक और बूथ स्तर तक सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जिला प्रभारी राजा वर्मा ने भी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया और सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर राजेश सिंघल, अर्जुन रस्तोगी, हरिवाला यादव, जगपाल यादव, दीक्षा गंगवार, विवेक रूहेला, अवधेश शर्मा, अन्नू सक्सेना, प्रमोद आहूजा, कमल लोधी, भव्य उप्पल, पारूल अग्रवाल समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
