मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह के नए गाने ‘Tateeree’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सख्त रुख अपनाते हुए बादशाह को समन जारी किया है और 25 मार्च को पेश होने का निर्देश दिया है।
आयोग ने गाने में कथित अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। NCW के अनुसार, गाने की सामग्री प्रथम दृष्टया आपत्तिजनक प्रतीत होती है और यह भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों का उल्लंघन कर सकती है।
इस मामले में बादशाह (आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) के साथ-साथ गाने से जुड़े अन्य लोगों—निर्देशक माही संधू, जोबन संधू और निर्माता हितेन—को भी समन जारी किया गया है। सभी को 25 मार्च को दोपहर 12:30 बजे आयोग के समक्ष संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है। अनुपस्थित रहने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इसी के साथ NCW ने फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने “सरके चुनर तेरी सरके” को लेकर भी कार्रवाई करते हुए उससे जुड़े कलाकारों और निर्माताओं को 24 मार्च को पेश होने का आदेश दिया है।
गौरतलब है कि ‘Tateeree’ गाना पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाया जा चुका है। इस गाने में सरकारी बस, स्कूल यूनिफॉर्म और बोलों को लेकर विवाद हुआ था। इससे पहले हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए दो जगह एफआईआर दर्ज करवाई थी। विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।
