रामपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, डीएम को सौंपा ज्ञापन: बारिश, बाढ़, अतिक्रमण और किसानों के मुद्दों पर जताया विरोध
रामपुर, 5 अगस्त। लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न समस्याओं को लेकर आज रामपुर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेता संजय कपूर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बारिश के चलते पूरे जनपद में, विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे आमजन बेहद परेशान हैं।
संजय कपूर ने बताया कि शहर के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने के नाम पर दुकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई पर भी विरोध जताते हुए उन्होंने इसे तत्काल रोकने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से बिजली कटौती, किसानों की समस्याओं, खराब जलनिकासी व्यवस्था और बारिश के चलते उत्पन्न संकट पर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
संजय कपूर ने कहा, “हम इन समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट आए हैं। जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।”
उन्होंने आगे बताया कि कांग्रेस कमेटी के सभी कार्यकर्ता स्थानीय स्तर पर लोगों की मदद कर रहे हैं और आगे भी जनसेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेसियों की मौजूदगी से माहौल राजनीतिक रूप से सक्रिय रहा।
