रामपुर।कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष नोमान खां एडवोकेट ने नगर पालिका परिषद रामपुर में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जिलाधिकारी से मुलाकात कर विस्तृत शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा और बिंदुवार जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
नोमान खां एडवोकेट ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा शासनादेशों और सरकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए एक लिपिक को नगर पालिका का लेखाकार बना रखा गया है, जबकि पालिका में सहायक लेखाकार पहले से मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी लेखाकार की मदद से सरकारी धन का गबन किया जा रहा है और नगर पालिका में घोटालों की सूची दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष अपने पद का दुरुपयोग करते हुए प्रत्याशा में करोड़ों रुपये का भुगतान कर चुकी हैं। बिना किसी बोर्ड बैठक की स्वीकृति के कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि नियमानुसार किसी भी कार्य की संस्तुति बोर्ड बैठक में आवश्यक होती है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से नगर पालिका की कोई भी बोर्ड बैठक आयोजित नहीं हुई है।
इसके अलावा, निर्माण विभाग में कोटेशन की फर्जी फाइलें तैयार कर सरकारी धन की लूट किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि पिछले दो वर्षों में एक हजार से अधिक फर्जी कोटेशन फाइलों का भुगतान किया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है।
नोमान खां एडवोकेट ने बताया कि 80 से 99 हजार रुपये तक की कोटेशन की फर्जी फाइलें तैयार की जाती हैं, जिनमें निर्माण स्थल, फोटो और वार्ड अलग-अलग दर्शाए जाते हैं, ताकि किसी को यह पता न चल सके कि निर्माण वास्तव में कहां हुआ है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि नियमानुसार योग्य व्यक्ति को लेखाकार का चार्ज दिया जाए, फर्जी कोटेशन फाइलों पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
