- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर
रामपुर में मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपते हुए मजदूरों के बकाया पारिश्रमिक और ग्राम रोजगार सेवकों के लंबित मानदेय पर गहरा रोष जताया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो जनपद में व्यापक जन-आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मुख्य मांगें:
मनरेगा मजदूरों का पिछले 75 दिनों का बकाया भुगतान तुरंत किया जाए।
भुगतान में देरी के लिए नियम अनुसार विलंब मुआवजा दिया जाए।
8 महीने से बिना मानदेय काम कर रहे ग्राम रोजगार सेवकों और संविदा कर्मियों का वेतन जल्द जारी किया जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निक्कू पंडित ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा देने वाली सरकार गरीब मजदूरों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर समेत पूरे प्रदेश में मनरेगा मजदूर भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं।
वहीं, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता संजय कपूर ने कहा कि सरकार भले ही डिजिटल इंडिया की बात करती हो, लेकिन जमीनी स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों को महीनों से मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो रामपुर की सड़कों पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शहर अध्यक्ष बाकर अली खान ने भी प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी ने मजदूरों के हक में आवाज उठाई।
