ऑपरेशन सिंदूर पर कांग्रेस की आपात बैठक, खरगे और राहुल गांधी ने सेना को किया सलाम

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने 7 मई की सुबह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाकर सफलतापूर्वक तबाह कर दिया। इस साहसिक कार्रवाई के बाद देशभर में माहौल गरमाया हुआ है। इसी बीच कांग्रेस कार्यसमिति की एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।

खरगे ने सेना को किया सलाम, कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में साथ हैं

प्रेस कांफ्रेंस में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हम भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों को सलाम करते हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को साहस और रणनीति से अंजाम दिया है। आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई भारत की संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कांग्रेस पार्टी पहले दिन से ही आतंकवाद के खिलाफ हर कार्रवाई में सेना और सरकार के साथ खड़ी है।”

राहुल गांधी ने भी दी सेना को शुभकामनाएं

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सेना के शौर्य की प्रशंसा करते हुए कहा, “कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में इस विषय पर गंभीर चर्चा हुई। सेना को हमारा पूरा समर्थन है। हम उनके साहस को नमन करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”

उन्होंने बताया कि पार्टी को 8 मई को होने वाली सर्वदलीय बैठक के लिए निमंत्रण मिला है और कांग्रेस उसमें शामिल होकर अपना पक्ष रखेगी।

सोशल मीडिया पर भी दी प्रतिक्रिया

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे दोनों ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी सेना के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। राहुल गांधी ने लिखा, “हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जय हिंद।” वहीं खरगे ने पोस्ट किया, “हम भारतीय सशस्त्र बलों के संकल्प और साहस की सराहना करते हैं। हमें उन पर गर्व है।”

इस तरह देश के राजनीतिक परिदृश्य में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर व्यापक समर्थन देखने को मिल रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में वह पूरी तरह सरकार और सेना के साथ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.