- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर (यूपी), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के नारे के बावजूद, कभी-कभी ऐसे मामले सामने आ जाते हैं जो प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर देते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद से सामने आया है, जहां मिलक क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजवीर सिंह परिहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में सीओ राजवीर सिंह परिहार पर एक जाति विशेष को लेकर अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
इस मामले पर आज़ाद समाज पार्टी के सुप्रीमो एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर प्रतिक्रिया देते हुए टिप्पणी को अमर्यादित करार दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से सीओ राजवीर सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो 29 दिसंबर 2025 का है, जो मिलक क्षेत्र में आयोजित एक स्कूली कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड किया गया था। कार्यक्रम में फुटबॉल मैच के समापन के बाद दिए गए भाषण का यह हिस्सा अब विवाद का कारण बन गया है।
वायरल वीडियो में सीओ मिलक यह कहते सुने जा रहे हैं—
“कुछ बच्चे पास आउट हो गए होते तो हमारी टीम जरूर जीतती, लेकिन इनकी टीम ने भी बहुत अच्छा खेला… हमारे यहां एक पुरानी कहावत है—‘पहल हाथ सरदारों का, बाकी चोर चमारों का’… मतलब जिसने पहले गोल कर दिया वही सरदार है।”
वीडियो के वायरल होने के बाद रामपुर पुलिस ने भी इस पर संज्ञान लिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि
“दिनांक 29.12.2025 को क्षेत्राधिकारी मिलक द्वारा स्मार्ट इंडियन पब्लिक स्कूल में फुटबॉल मैच प्रतियोगिता के समापन पर दिए गए भाषण के संबंध में मामला संज्ञान में लिया गया है। इस प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर को सौंपी गई है।”
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर अनुराग सिंह ने बताया कि सीओ मिलक का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसकी जांच उन्हें सौंपी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
khabre junction
