खेल, युवा कल्याण और पीआरडी विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम योगी के निर्देश: हर विधानसभा में मिनी स्टेडियम, मण्डल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज
तेजी से हो रहा है प्रदेश में स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में खेल विभाग, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो रहा है। स्टेट स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स कॉलेज और स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण हों, होगी सख्त मॉनीटरिंग
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और उन्हें समय से पूरा किया जाए। इसके लिए हर माह मंत्री स्तर, प्रत्येक 15 दिन पर प्रमुख सचिव स्तर और हर सप्ताह उच्च अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाए। कार्यदायी संस्थाओं की लापरवाही पर उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।
हर विधानसभा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम, मण्डल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री योगी ने मण्डल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। वर्तमान में तीन मण्डलों में कॉलेज संचालित हैं और तीन में निर्माण जारी है। शेष 12 मण्डलों में भी जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। सभी स्पोर्ट्स कॉलेज को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाएगा। साथ ही, हर विधानसभा क्षेत्र में एक मिनी स्टेडियम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
पारदर्शी चयन और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों का चयन पारदर्शी तरीके से हो ताकि योग्य और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाया जा सके। उन्होंने खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि खेल गतिविधियों को सांसद-विधायक खेल प्रतियोगिता से जोड़ा जाए। ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं ताकि छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया जा सके।
खेल इंजरी सेंटर में एसजीपीजीआई/केजीएमयू का सहयोग
सीएम योगी ने लखनऊ स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रस्तावित स्पोर्ट्स इंजरी मैनेजमेंट सेंटर के लिए एसजीपीजीआई या केजीएमयू से सहयोग लेने की बात कही। साथ ही, खेल विभाग के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
पीआरडी जवानों को ट्रैफिक व आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों और मंगल दलों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर ‘आपदा मित्र’ की भूमिका दी जाए। साथ ही, पीआरडी जवानों को ट्रैफिक मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जाए और यातायात नियंत्रण में इनकी मदद ली जाए। मंगल दल को दी जाने वाली स्पोर्ट्स किट की मॉनीटरिंग की जाए और इन्हें भी सांसद-विधायक खेल प्रतियोगिता से जोड़ा जाए।
निर्माणाधीन कार्य समय से पूरे करने के सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने युवा कल्याण एवं पीआरडी विभाग से संबंधित सभी निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने और संबंधित अधिकारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में खेल और युवा विकास को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
