आमजन की सहभागिता से बनेगा स्वच्छ व सुंदर जिला: एडीसी वीरेंद्र सहरावत

ऐलनाबाद ,सिरसा, 25 सितंबर ( एम पी भार्गव ): हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान व सेवा पखवाड़ा के तहत नगर परिषद सिरसा व डबवाली तथा नगर पालिका रानियां, ऐलनाबाद व कालांवाली की टीमों द्वारा बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया है। सफाई कर्मी नियमित तौर पर डंपिंग प्वाइंट, बाजारों, कॉलोनियों, गलियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंच कर सफाई कर रहे हैं। यह अभियान 7 नवंबर तक चलेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने जिला के नागरिकों से अपील की है कि वे इस हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लें और अपने शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाएं। उन्होंने कहा कि गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित करें और नगर परिषद व नगर पालिकाओं की कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ों में ही डालें। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और विशेषकर खाली प्लाटों में कूड़ा न डालें। क्योकि खाली प्लाटों में कूड़ा डालने से मक्खी-मच्छर पैदा होते हैं और बीमारी का कारण बनते हैं।
उन्होंने बताया कि सफाई कर्मियों द्वारा गलियों, मोहल्लों, पार्कों, चौराहों, सडक़ों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की जा रही है। इसके अलावा पौधारोपण भी किया जा रहा है, यहीं नहीं लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य न केवल शहर को साफ-सुथरा रखना है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी पैदा करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सफाई कार्य ही नहीं बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का प्रभावी अवसर भी है। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान व सेवा पखवाड़ा में बढ़ चढ़कर भाग लें और सिरसा को स्वच्छ जिला बनाने में अपना योगदान दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.