सीआईए स्टाफ-2 ने किया लूटपाट करने वाले सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार

अमृतसर: 19 जून को अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 ने लूटपाट और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को दो अवैध पिस्तौलों, सात जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।

डीसीपी (इन्वेस्टिगेशन) रविंदर पाल सिंह संधू ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुकेश कुमार उर्फ पंडित और बिट्टू उर्फ बैया के रूप में हुई है। बिट्टू बिहार का निवासी है और वर्तमान में अमृतसर के फैजपुरा इलाके में रह रहा है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, और वह घोषित अपराधी (PO) भी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जिन अवैध पिस्तौलों का इस्तेमाल किया, वे मध्य प्रदेश से लाए गए थे और इनका प्रयोग सदर और कैंट थाना क्षेत्र में की गई वारदातों में किया गया था।

सूचना मिलने पर सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने रणजीत एवेन्यू इलाके में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया। उनके पास से .32 बोर की दो पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे और किन वारदातों में शामिल रहे हैं और किस-किस थाने में वांछित हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.