सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने 12 बोर अवैध पिस्तौल सहित युवक को दबोचा  

ऐलनाबाद 1 जून ( एम पी भार्गव )पुलिस अधीक्षक सिरसा के निर्देशानुसार अवैध हथियार रखने वालों तथा अपराध एवं अपराधियों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाने के लिए 15 मई 2025 से 31 मई 2025 तक अवैध हथियारों को पकड़ने के लिए जिला स्तर पर एक विशेष पखवाड़ा चलाया जा रहा था। इसी कड़ी के तहत जिला की सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए बीते दिन रानियां थाना क्षेत्र के गांव कुस्सर से एक युवक को 12 बोर अवैध पिस्तौल सहित काबू करने में सफलता हासिल की है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान अमन कुमार पुत्र दलीप कुमार निवासी गांव कुस्सर जिला सिरसा के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद की एक टीम गश्त व चेकिंग के दौरान ढुडियांवाली बस स्टैंड पर मौजूद थी । इसी दौरान पुलिस पार्टी को महत्वपूर्ण सूचना मिली की एक युवक पैदल पैदल चलकर गांव खारिया से कुस्सर की तरफ आ रहा है, जिसके पास अवैध हथियार होने की संभावना है । उक्त सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी गांव कुस्सर से खारिया रोड पर जा रही थी । पुलिस पार्टी पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे पहुंची तो गांव खारिया की तरफ से एक युवक आता दिखाई दिया । उक्त युवक सामने पुलिस पार्टी को देखकर अचानक वापस मुड़कर खिसकने का प्रयास करने लगा तो शक के आधार पर पुलिस पार्टी ने उक्त युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जा से 12 बोर अवैध पिस्तौल बरामद हुआ । सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक के खिलाफ आर्मज एक्ट के तहत थाना रानियां में अभियोग दर्ज कर जांच शुरु कर दी है । सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ कर अवैध असला धारकों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम पते मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.