रामपुर में बालश्रम का खुलासा: कोको पेपर पैकिंग के गोदाम में नाबालिग बच्चों से कराया जा रहा काम, मालिक पर जांच के आदेश की मांग
रामपुर। जनपद रामपुर के पंवारिया क्षेत्र के पास स्थित ग्राम रोशन बाग से बालश्रम का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक गोदाम में नाबालिग बच्चों से कोको पेपर की पैकिंग कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में कई छोटे-छोटे बच्चे डिब्बों की पैकिंग करते नजर आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस गोदाम का मालिक मनीष शर्मा है, जो कथित तौर पर बच्चों से कम पैसों में काम करवाकर अधिक मुनाफा कमा रहा है। बताया जा रहा है कि इन मासूम बच्चों को यह तक नहीं पता कि वे किस चीज की पैकिंग कर रहे हैं। जिन डिब्बों की पैकिंग की जा रही है, उनका इस्तेमाल नशीली सामग्री भरने में होता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रोजाना गोदाम में बच्चों से काम कराया जाता है। वहीं, गोदाम मालिक मनीष शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि, “मेरे गोदाम में कोई नाबालिग बच्चा काम नहीं करता। अगर कोई व्यक्ति छोटे बच्चों को साथ लेकर आता है, तो उसमें मेरी क्या गलती है। मेरे पास सभी परमिशन हैं।”
हालांकि, क्षेत्रीय सूत्रों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बालश्रम और अवैध पैकिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के बावजूद यह गोदाम लगातार संचालित हो रहा है और बच्चों से पैकिंग कराई जा रही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कब तक शिकंजा कसता है।

