लखीसराय में होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं,मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने की हाई-लेवल मीटिंग

लखीसराय(सरफराज आलम)होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार पूरी तरह सतर्क है। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि होली के अवसर पर डीजे एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी थानों को विशेष निगरानी रखने तथा उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

सुरक्षा तैयारियों के तहत पुलिस लाइन में रायट कंट्रोल (दंगा नियंत्रण) अभ्यास, फ्लैग मार्च एवं मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। अफवाहों पर नियंत्रण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन से सतर्क रहने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया है, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि होली के दिन सभी प्रमुख अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रखा जाए। अग्निशामक वाहनों एवं कर्मियों की रणनीतिक तैनाती कर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जाएगी।

उक्त निर्देशों के आलोक में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने 28 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लखीसराय से पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं। विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.