मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश व ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए दिए सख्त निर्देश

प्रभावितों को शीघ्र राहत, फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कर शासन को भेजें रिपोर्ट

रिपोर्ट: मंजय वर्मा

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित जनपदों के अधिकारियों को राहत कार्यों को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति का जायज़ा लें और राहत कार्यों पर सतत निगरानी रखें।

जनहानि और पशुहानि पर तुरंत सहायता दें
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि आपदा के कारण किसी व्यक्ति या पशु की मृत्यु हुई है, तो प्रभावित परिवार को तत्काल राहत राशि दी जाए। घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

फसलों के नुकसान का करें आकलन, रिपोर्ट भेजें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि फसलों के नुकसान का सर्वे तत्काल कराया जाए और उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, जिससे कि इस संबंध में अग्रिम राहत एवं पुनर्वास कार्यों की योजना बनाई जा सके।

जल जमाव की समस्या हो तो प्राथमिकता से निकासी कराएं
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है, वहां जल निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता पर की जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सरकारी मशीनरी पूरी तरह से सतर्क रहे
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय और संवेदनशील होकर कार्य करे, ताकि राज्य के नागरिकों को आपदा की इस घड़ी में समय पर सहायता मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.