CET परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा बयान: पहले चरण की परीक्षा सफल, शेष चरणों की तैयारी पूरी

ऐलनाबाद, हरियाणा (एम.पी. भार्गव) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने CET परीक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण की परीक्षा बहुत ही अच्छे और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई, इसके लिए उन्होंने प्रशासनिक मशीनरी की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेष बचे चरणों की परीक्षा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है ताकि किसी भी परीक्षार्थी को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “हमने सुनिश्चित किया है कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर हर सुविधा मिले। किसी भी बच्चे को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं।”

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित विभागों को परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को साधुवाद, आशीर्वाद और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि हरियाणा का युवा वर्ग मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगा और राज्य का नाम रोशन करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.