मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्व. श्रीमती परमेश्वरी देवी को अर्पित की श्रद्धांजलि, ‘मां’ के नाम रोपी त्रिवेणी
ऐलनाबाद, 23 जून (एम. पी. भार्गव) — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज रोहतक स्थित सिन्धु निवास पहुँचे, जहां उन्होंने पूज्य माता जी स्वर्गीय श्रीमती परमेश्वरी देवी को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धा और स्मरण के इन भावुक क्षणों में मुख्यमंत्री ने स्व. परमेश्वरी देवी के तप, त्याग, संघर्ष और सेवा भाव को नमन करते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन समाज और परिवार के लिए अमिट प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर ‘मां’ के नाम एक त्रिवेणी वृक्ष (पीपल, बरगद और नीम) रोपित कर, उन्हें प्रकृति के रूप में सजीव करने का भावपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह त्रिवेणी माता जी की स्मृति और आशीर्वाद का प्रतीक बनकर सदैव जीवंत रहेगी।
मुख्यमंत्री का यह कदम न केवल भावनात्मक श्रद्धांजलि है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी एक प्रेरणादायक संदेश है।
