ऐलनाबाद, 16 सितंबर (डॉ. एम. पी. भार्गव)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज स्टेट एनवायरमेंट प्लान 2025 योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ हरियाणा की दिशा में प्रदेश सरकार का पहला ठोस कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्योगों से निकलने वाले खतरनाक कचरे के निपटान के लिए फरीदाबाद में विशेष खतरनाक कचरा प्रबंधन स्थल विकसित किया गया है। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रदेश में 105 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
उन्होंने किसानों से पराली न जलाने की अपील की और कहा कि सरकार किसानों को इसके लिए लगातार प्रेरित कर रही है। साथ ही सीएनजी और पीएनजी जैसे स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सैनी ने प्रदेशवासियों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया, ताकि हरियाणा को हरा-भरा और स्वच्छ बनाया जा सके।
प्रदेश सरकार ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए भी ठोस कदम उठाए हैं। नदियों और तालाबों की सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए सरकार ने अब तक 2200 तालाब अमृत सरोवर योजना के तहत विकसित किए हैं।
उन्होंने कहा कि जल प्रदूषण रोकने के लिए भी कई पहलें की जा रही हैं और सभी विभागों को मिशन मोड में स्टेट एनवायरमेंट प्लान 2025 को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस योजना से हरियाणा के हर नागरिक को लाभ मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रदूषण मुक्त वातावरण का निर्माण होगा।
