रामपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित मुख्य सेविकाओं को मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर का सजीव प्रसारण जनपद स्तर पर विकास भवन सभागार में किया गया।
जनपद रामपुर से चयनित 28 मुख्य सेविकाओं को कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नन्द किशोर कलाल ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी चयनित मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूरी कर्मठता और कर्तव्यनिष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन और विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मुख्य सेविका की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों और महिलाओं के शारीरिक विकास, स्वास्थ्य सुधार और उज्जवल भविष्य की जिम्मेदारी इन्हीं पर टिकी हुई है।
इस अवसर पर प्रभारी जिला विकास अधिकारी अमित कुमार, परियोजना निदेशक हरीश चन्द्र राम प्रजापति, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार जायसवाल सहित अशोक विश्नोई, जिला महामंत्री (भाजपा) भी मौजूद रहे।
