यातायात नियम पालन से मानव जीवन रहता है सुरक्षित : प्रो दलीप सिंह

चौधरी मनीराम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरा ऐलनाबाद सिरसा

ऐलनाबाद ,26 सितंबर ( एम पी भार्गव ) सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य डा.सज्जन कुमार के निर्देशानुसार प्रो. दलीप सिंह की अध्यक्षता व रोड सेफ्टी क्लब के इंचार्ज डा.जोगिन्द्र सिंह के संयोजन में भारत सरकार जारी पत्र के अनुसार सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा’ विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि इस अवसर पर कार्यकारी प्राचार्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा हमारे जीवन की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि सड़क दुर्घटनाएं अक्सर जानलेवा साबित होती हैं। सुरक्षित सड़क उपयोग से न केवल जीवन की रक्षा होती है, बल्कि यातायात की व्यवस्थितता भी सुनिश्चित होती है, जिससे समाज में अनुशासन कायम रहता है। सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करने से दुर्घटनाएँ कम होती हैं और मानव जीवन सुरक्षित रहता है। इसलिए ट्रैफिक सिग्नल और यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है।उन्होंने कहा इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में तथा समाज में जागरूकता बढ़ती है।इस स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में नीलकमल कुमारी ने पहला,प्रदीप कौर ने दूसरा तथा सुभाष कुमार व गुरप्रीत कौर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका प्रो.कुलजीत कौर, प्रो. सावन कुमार और डा.कविता चौधरी ने निभाई।इसमें कुल इक्कीस विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर महाविद्यालय के शैक्षणिक तथा गैर शैक्षणिक स्टाफ सदस्यों के साथ भारी संख्या में छात्र छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.