सोशल मीडिया के कारण बवाल! बैन के खिलाफ जबरजस्त प्रदर्शन, एक पत्रकार को लगी गोली
नेपाल में सोशल मीडिया बैन और करप्शन के खिलाफ युवाओं ने संसद भवन पर धावा बोल दिया। पुलिस ने कर्फ्यू लगाया। प्रदर्शन के दौरान एक पत्रकार गोली लगने से घायल हुआ। हालात बेहद तनावपूर्ण।
काठमांडू। नेपाल में सरकार द्वारा लगाए गए सोशल मीडिया बैन और करप्शन के खिलाफ युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। राजधानी काठमांडू में हजारों प्रदर्शनकारी संसद भवन में घुस गए, जिससे हालात बिगड़ गए। पुलिस ने स्थिति को काबू करने के लिए पूरे इलाके में कर्फ्यू लागू कर दिया है।
सोशल मीडिया बैन पर युवाओं का गुस्सा
सरकार के आदेश के तहत नेपाल में प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद से ही युवाओं में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह फैसला उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पत्रकार को गोली लगी, हालात तनावपूर्ण
प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान एक पत्रकार को गोली लग गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। घायल पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
करप्शन के मुद्दे पर भी विरोध
युवाओं ने सोशल मीडिया बैन के साथ-साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना है कि सरकार जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय उनकी आवाज दबाने में जुटी है।
फिलहाल काठमांडू और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात को काबू में करने की कोशिशें जारी हैं।
