हर व्यक्ति चाहता है कि उसे ऑफिस या वर्कप्लेस पर सम्मान मिले और करियर में तरक्की हो। कार्यस्थल एक ऐसी जगह है जहां हम दिन का बड़ा हिस्सा बिताते हैं। यहां काम के साथ-साथ व्यवहार और रिश्तों का भी खास महत्व होता है। ऐसे में आचार्य चाणक्य द्वारा बताई गई नीतियां आज के ऑफिस कल्चर में भी बेहद उपयोगी साबित हो सकती हैं। यदि इन बातों का पालन किया जाए तो व्यक्ति को सम्मान के साथ सफलता भी मिल सकती है।
कमजोरी किसी के सामने न करें जाहिर
आचार्य चाणक्य के अनुसार व्यक्ति को अपनी कमजोरी किसी के सामने प्रकट नहीं करनी चाहिए। खासकर ऑफिस या वर्कप्लेस पर ऐसा करने से लोग आपकी कमजोरियों का फायदा उठा सकते हैं और इससे आपको नुकसान भी हो सकता है।
काम शुरू करने से पहले खुद से पूछें तीन सवाल
चाणक्य नीति के मुताबिक किसी भी प्रोजेक्ट या काम को शुरू करने से पहले व्यक्ति को खुद से तीन सवाल जरूर पूछने चाहिए—
मैं यह काम क्यों कर रहा हूं?
इसका परिणाम क्या होगा?
क्या मैं इसमें सफल हो पाऊंगा?
इन सवालों के स्पष्ट जवाब मिलने के बाद ही काम शुरू करना बेहतर माना गया है।
दूसरों की गलतियों से लें सीख
ऑफिस में छोटी-सी गलती भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए समझदारी इसी में है कि दूसरों की गलतियों से सीख ली जाए। अगर किसी कर्मचारी को गलती के कारण डांट पड़ती है, तो उस गलती को दोहराने से बचना चाहिए।
अपनी योजनाएं साझा करने से बचें
आचार्य चाणक्य का कहना है कि व्यक्ति को अपनी योजनाओं के बारे में समय से पहले किसी को नहीं बताना चाहिए। जब तक काम पूरा न हो जाए, तब तक उसे गुप्त रखना ही बेहतर होता है। कई बार कार्यस्थल पर लोग किसी और का आइडिया अपनाकर उसका फायदा उठा लेते हैं।
अनुशासन और समय का रखें ध्यान
ऑफिस में सम्मान और तरक्की पाने के लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। समय पर काम पूरा करना, जिम्मेदारी निभाना और नियमों का पालन करना एक अच्छे कर्मचारी की पहचान होती है। ऐसे कर्मचारियों पर वरिष्ठ अधिकारी भी ज्यादा भरोसा करते हैं।
चाणक्य नीति की ये सीख आज के दौर में भी उतनी ही प्रासंगिक है। यदि इन सिद्धांतों को कार्यस्थल पर अपनाया जाए तो व्यक्ति अपने करियर में सफलता और सम्मान दोनों हासिल कर सकता है।
khabre junction
डिस्क्लेमर- यहां दी गई जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इनकी पुष्टि नहीं करता।
