हरियाली तीज पर CET परीक्षा: अभय चौटाला ने तारीख बदलने की मांग की
आयोग सीईटी परीक्षा की अगली तारीख की सूचना प्रेस के माध्यम से दे ताकि परीक्षार्थियों को किसी किस्म की परेशानी न हो
रिपोर्ट: एम.पी.भार्गव
चंडीगढ़/ ऐलनाबाद : कर्मचारी चयन आयोग द्वारा सीईटी की परीक्षा की तारीख, 27 जुलाई 2025, को तीज के पर्व के दिन रखे जाने पर इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखा। पत्र द्वारा सीईटी की परीक्षा का दिन 27 जुलाई को स्थगित करके आने वाले किसी अन्य रविवार के दिन रखने का अनुरोध किया। पत्र में उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में तीज का त्योहार हरियाणवी संस्कृति का एक अहम उत्सव होता है और बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा तीज के पर्व के दिन सीईटी की परीक्षा रखे जाना यह दर्शाता है कि आयोग के अधिकारियों ने बिना जांच पड़ताल किए ही त्योहार के दिन परीक्षा का दिन तय कर दिया है। कर्मचारी चयन आयोग की यह बड़ी लापरवाही है। हरियाली तीज उत्सव की महत्ता को ध्यान में रखते हुए आपसे अनुरोध किया जाता है कि हरियाणा कर्मचारी आयोग को निर्देश दिए जाएं कि सीईटी की परीक्षा को 27 जुलाई को स्थगित कर किसी अन्य दिन की जाए। आयोग सीईटी परीक्षा की अगली तारीख की सूचना प्रेस के माध्यम से दे ताकि परीक्षार्थियों को किसी किस्म की परेशानी न हो और हरियाली तीज उत्सव को हरियाणवी संस्कृति के मुताबिक धूमधाम से मनाया जाए।
