रामपुर जिला पंचायत हत्याकांड का CCTV फुटेज आया सामने, थप्पड़ के बाद विवाद बढ़ा और चली गोली, वकील की मौत

रामपुर में जिला पंचायत कार्यालय के भीतर वकील की गोली लगने से हुई मौत के मामले में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिससे घटना के पूरे घटनाक्रम को लेकर नए तथ्य सामने आए हैं। यह घटना कल जिला पंचायत कार्यालय में हुई थी, जिसमें एक अधिवक्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मृतक वकील अपने एक साथी के साथ जिला पंचायत कार्यालय पहुंचते हैं। वीडियो में वकील द्वारा जिला पंचायत में कार्यरत एक बाबू को 8वें, 12वें और 24वें सेकेंड पर तीन थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है।

फुटेज में आगे दिखाई देता है कि विवाद बढ़ने पर बाबू अपने पास से तमंचा जैसी वस्तु निकाल लेता है। इस दौरान वकील के साथ आए उनके साथी द्वारा दोनों को शांत कराने का प्रयास भी किया जाता है, लेकिन स्थिति और बिगड़ जाती है और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है।

इसी दौरान बाबू द्वारा गोली चला दी जाती है, जिससे वकील गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और बाद में उनकी मौत हो जाती है। हालांकि गोली कार्यालय के अंदर लगी या बाहर परिसर में, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दिनदहाड़े सरकारी कार्यालय में हुई इस घटना से अधिवक्ताओं और आम लोगों में आक्रोश है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.