अमृतसर के थाना छेहरटा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में जसपाल सिंह नामक युवक को पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली लगने के करीब 15 से 20 मिनट बाद घायल जसपाल सिंह स्वयं थाना छेहरटा पहुंचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए सरकारी वाहन से अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जसपाल सिंह ने अपने बयान में कहा है कि उसकी हरप्रीत एपी नामक युवक के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही थी। घटना वाले दिन हरप्रीत अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचा, जबकि दो अन्य युवक एक एक्सयूवी गाड़ी में सवार होकर वहां आए। आरोप है कि चारों ने मिलकर अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें दो गोलियां चलाई गईं और एक गोली जसपाल सिंह के पैर में जा लगी।
पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक गाड़ी से उतरकर सीधे फायरिंग करता है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं, जिनमें से एक खाली खोल घायल जसपाल सिंह ने स्वयं पुलिस को सौंपा है।
इस संबंध में पुलिस अधिकारी लवप्रीत सिंह बाजवा ने बताया कि आरोपी इसी इलाके की साथ वाली गली के रहने वाले हैं। हालांकि घटना के बाद जब पुलिस उनकी तलाश में घरों पर पहुंची तो वहां ताले लगे हुए मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में पुरानी रंजिश के एंगल के साथ-साथ अन्य संभावित कड़ियों, जिनमें किसी तरह का विदेशी कनेक्शन भी हो सकता है, की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
