बजट 2026-27: गेमिंग सेक्टर में 10 लाख प्रोफेशनल्स की भर्ती, कंटेंट क्रिएटर्स के लिए लैब स्थापित करने का ऐलान

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026-27 पेश करते हुए कंटेंट क्रिएशन, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को ‘विकसित भारत’ का इंजन बताया। बजट में गेमिंग और कंटेंट क्रिएशन सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं। इनमें गेमिंग सेक्टर में 10 लाख प्रोफेशनल्स को हायर करने और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए विशेष लैब स्थापित करने की घोषणा प्रमुख है।

वित्त मंत्री ने बताया कि मुंबई स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (IICT) की मदद से देश के 15,000 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) से जुड़ी कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में शुरुआती स्तर पर ही क्रिएटिविटी, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और एडवांस्ड मीडिया स्किल्स को बढ़ावा देना है।

सीतारमण ने कहा कि एनिमेशन, गेमिंग और विजुअल इफेक्ट्स जैसे तेज़ी से बढ़ते सेक्टर्स के लिए भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भारत का AVGC सेक्टर एक तेजी से उभरती इंडस्ट्री है, जिसके लिए वर्ष 2030 तक करीब 20 लाख प्रोफेशनल्स की आवश्यकता होगी।

सरकार ने IICT मुंबई में अतिरिक्त निवेश करने और स्कूलों-कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित कर लगभग 20 लाख छात्रों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा है। इन घोषणाओं से कंटेंट क्रिएशन को करियर के रूप में अपनाने वाले युवाओं के लिए बड़े अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बजट भाषण में वित्त मंत्री ने बजट के आधार को तीन ‘कर्तव्यों’ में विभाजित बताया। पहला कर्तव्य उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाकर तथा वैश्विक अस्थिरताओं के प्रति लचीलापन बनाकर आर्थिक विकास को तेज करना है। दूसरा कर्तव्य लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उनकी क्षमता का निर्माण करना है, ताकि वे देश की समृद्धि में सक्रिय भागीदार बन सकें। तीसरा कर्तव्य ‘सबका साथ–सबका विकास’ के विजन के तहत यह सुनिश्चित करना है कि हर परिवार, समुदाय, क्षेत्र और सेक्टर को संसाधनों तक समान पहुंच मिले।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.