लाखेरी, बूंदी (राजस्थान) से ब्रेकिंग न्यूज़: रणथंभौर में टाइगर का हमला — रेंजर की दर्दनाक मौत

रणथंभौर टाइगर रिजर्व में जोन-3 में हुई दर्दनाक घटना, 20 मिनट तक शव पर बैठा रहा बाघ

राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार दोपहर को टाइगर ने रेंजर देवेंद्र चौधरी पर हमला कर उन्हें मार डाला। यह घटना जोन नंबर-3 में उस वक्त हुई जब रेंजर यज्ञशाला के पास प्रशिक्षण कार्य में लगे हुए थे। टाइगर ने छोटी छतरी के पास रेंजर पर अचानक हमला किया, उनकी गर्दन को दांतों और नाखूनों से बुरी तरह घायल कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ करीब 20 मिनट तक रेंजर की बॉडी पर बैठा रहा, जिससे अन्य वनकर्मी दहशत में आ गए और तत्काल अधिकारियों को सूचित किया गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाघ से छुड़ाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देवेंद्र चौधरी को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि देवेंद्र चौधरी का हाल ही में रेंजर पद पर प्रमोशन हुआ था और उन्हें जोगी महल का अतिरिक्त चार्ज भी सौंपा गया था। घटना के बाद टाइगर की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने में यह दूसरा टाइगर अटैक है। इससे पहले 16 अप्रैल को एक टाइगर ने 7 वर्षीय बच्चे कार्तिक सुमन (पुत्र द्वारका माली, निवासी गोहटा, जिला बूंदी) को मार डाला था। उस घटना में भी वनकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।

यह घटनाएं रणथंभौर टाइगर रिजर्व में मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग पर अब दबाव है कि सुरक्षा के लिए और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.