BREAKING NEWS: धर्मेंद्र की हालत में सुधार, निधन की खबरें निकलीं झूठी — परिवार और बॉलीवुड हस्तियों ने जताई नाराजगी
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर मंगलवार सुबह आई निधन की अफवाहों ने पूरे देश को हिला दिया था। हालांकि अब उनके परिवार और करीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि धर्मेंद्र स्वस्थ हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
अमर उजाला सहित कुछ जिम्मेदार मीडिया संस्थानों ने संयम बरतते हुए खबर की पुष्टि की, वहीं धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया — “पापा की हालत स्थिर है, सभी से निवेदन है कि अफवाहें न फैलाएं।”
वहीं उनकी पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने भी झूठी खबरें फैलाने वालों को फटकार लगाई और कहा कि,
“जो हो रहा है वो अक्षम्य है। इलाज का असर दिखा रहा व्यक्ति के बारे में झूठी खबर फैलाना बेहद अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना है। कृपया परिवार की निजता का सम्मान करें।”
धर्मेंद्र के पुराने मित्र और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी नाराजगी जताते हुए कहा —
“धरम जी की खुद की कोई टीम नहीं है, तो फिर कैसे और किसने उनके निधन की खबर की पुष्टि की? मैं सुबह इन खबरों को सच मान बैठा था, लेकिन यह राहत की बात है कि धरम जी ठीक हैं। मरे उनके दुश्मन।”
सनी देओल की टीम ने भी धर्मेंद्र की सेहत पर अपडेट जारी करते हुए कहा कि उनकी सेहत में अब सुधार है और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। टीम ने सभी फैंस से धर्मेंद्र की अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना की अपील की है।
इसी बीच धर्मेंद्र के पोते करण देओल का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वे सोमवार शाम अस्पताल से बाहर निकलते हुए नजर आए। वे काफी उदास और चिंतित दिख रहे थे।
बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा तन्ना ने भी धर्मेंद्र के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा —
“पता नहीं अभी बहुत कन्फ्यूजन है, लेकिन उम्मीद करती हूं कि धरम जी जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएं।”
फिलहाल, धर्मेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। परिवार ने मीडिया से सत्यापित खबरें ही प्रसारित करने की अपील की है।
