दिल्ली, 8 जुलाई। विजय विहार थाना पुलिस ने 29 जून को रोहिणी सेक्टर-5 स्थित महाराणा प्रताप पार्क के पास हुई एक युवक की निर्मम हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए दो नाबालिगों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
करण
आकाश
सुमित
राहुल
(दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं)
रोहिणी जिले के डीसीपी राजीव रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जून को विजय विहार थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया कि महाराणा प्रताप पार्क के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शव की जांच में सामने आया कि उसके शरीर पर गंभीर चोटें थीं और उसके हाथ गमछे से बंधे हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ विजय विहार अजय यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
मृतक की पहचान गोरखपुर निवासी मनीष के रूप में हुई, जो दिल्ली में मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट और स्थानीय सूत्रों की मदद से मृतक की पहचान सुनिश्चित की।
टेक्निकल सर्विलांस बना अहम कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला जब यह पता चला कि मृतक के मोबाइल में किसी और का सिम एक्टिव था। इसके बाद संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया।
लूट के इरादे से की गई हत्या
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मनीष को लूटने के लिए निशाना बनाया था। उन्होंने मनीष से मोबाइल, बैग और स्कूटी छीनने की कोशिश की। जब मनीष ने विरोध किया, तो उन्होंने उसके हाथ बांध दिए और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, बैग और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस का संदेश
डीसीपी राजीव रंजन ने कहा,
“कोई भी अपराधी कानून से बच नहीं सकता, चाहे वह कितना भी चालाक या शातिर क्यों न हो। यह केस इसका सटीक उदाहरण है।”
पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
