भाजपा ने हमेशा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला, देश में बोलने की आज़ादी खत्म: सगीर सईद खां

रामपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत धमोरा स्थित देव गार्डन में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता ने की और संचालन महेन्द्र यदुवंशी ने किया। बैठक में ज़िला कोऑर्डिनेटर सगीर सईद खां ने कांग्रेस नेताओं व फ्रंटल संगठन अध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श किया।

सगीर सईद खां ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा, “हमारा संविधान हर नागरिक को स्वतंत्र रूप से अपनी बात कहने का अधिकार देता है, लेकिन भाजपा सरकारों ने इस अधिकार को छीन लिया है। सच बोलने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। रामपुर में भी तानाशाही चरम पर है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी जनता के बीच विश्वास का प्रतीक है, लेकिन ज़रूरत है कि हमारे नेता व कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इस विश्वास को और मजबूत करें। उन्होंने संगठन विस्तार में सभी की भूमिका पर ज़ोर दिया।

पूर्व ज़िला अध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता ने कहा, “भाजपा की सरकार में आम आदमी की सुनवाई नहीं हो रही। तानाशाही रवैये के चलते जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए थानों और तहसीलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अधिकारी और भाजपा नेता मिलकर आमजन का शोषण कर रहे हैं।”

पूर्व शहर अध्यक्ष नोमान खां ने कार्यकर्ताओं को संगठन मज़बूत करने का संकल्प दिलाया और कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस मौके पर मिलक ब्लॉक अध्यक्ष जिवेन्द्र गंगवार, युवा कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ अल्वी, पिछड़ा वर्ग ज़िला अध्यक्ष दामोदर सिंह गंगवार, अल्पसंख्यक कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष मकदुम अहमद, ज़िला महासचिव शप्पू अंसारी, वेदराम यादव, बाबू फौजी, प्रदेश सचिव मनी कपूर समेत हसीब खां, रियाज़ अहमद, इक़बाल मंसूरी, कौशल सक्सेना, देवकीनंदन गंगवार, युसूफ अली, रामगोपाल सैनी, अज़ीमुद्दीन, नन्हे खां, जयपाल सिंह गंगवार सहित दर्जनों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.