मीरजापुर में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को जिले एवं मंडलों के प्रत्येक बूथ पर बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इसके पश्चात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष गंगासागर दूबे ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन तक के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई और आज यह देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद पर आधारित बताया।
उन्होंने 1947 के विभाजन, 1951 में भारतीय जनसंघ के गठन और 1975 के आपातकाल जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए पार्टी के संघर्ष और योगदान को रेखांकित किया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को भी याद किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक गौरव ऊमर ने किया। संगोष्ठी में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा द्वारा दी गई।
