बीकानेर: IPS अधिकारी से रिश्वत मांग बैठे ट्रैफिक पुलिसकर्मी, परिचय देते ही माफी मांगते गिरे पैरों में, चार लाइन हाजिर
बीकानेर — प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार की एक चौंकाने वाली तस्वीर बीकानेर जिले से सामने आई है। जयपुर हाइवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब यातायात पुलिसकर्मियों ने सादी वर्दी में गाड़ी से गुजर रहे एक IPS अधिकारी को रोककर कथित तौर पर रिश्वत की मांग कर डाली। जैसे ही अधिकारी ने अपना परिचय दिया, पुलिसकर्मी घबरा गए और माफी मांगते हुए पैरों में गिर पड़े।
यह पूरा मामला 14 जून को घटित हुआ, जब एक IPS अधिकारी जयपुर रोड से सिविल ड्रेस में वाहन द्वारा गुजर रहे थे। हाईवे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने वाहन को रोककर नियम उल्लंघन का हवाला देते हुए कार्रवाई का डर दिखाया और फिर कथित रूप से गाड़ी छोड़ने के एवज में पैसे की मांग की।
हालात तब बदल गए जब अधिकारी ने अपना परिचय दिया। यह जानकर कि सामने खड़ा व्यक्ति एक वरिष्ठ IPS अधिकारी है, चारों पुलिसकर्मी माफी मांगने लगे और स्थिति को संभालने की कोशिश करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मामला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित चार पुलिसकर्मियों—एक हवलदार और तीन सिपाहियों—को लाइन हाजिर कर दिया है।
बीकानेर जिले में यह मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। आम जनता में भी इसे लेकर गहरी प्रतिक्रिया देखने को मिली और ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
