बिहार विधानसभा चुनाव 2025 LIVE: दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान जारी, 3.70 करोड़ मतदाता आज करेंगे 1,302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

पटना।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में आज यानी मंगलवार को 122 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में 3.70 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1,302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री भी इस चरण में मैदान में हैं।

सीमांचल और तराई इलाकों में सख्त सुरक्षा व्यवस्था

इस चरण में जिन जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज प्रमुख हैं — ये सभी नेपाल सीमा से सटे जिले हैं।
चुनाव आयोग ने चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की है ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।

एनडीए बनाम महागठबंधन — सीमांचल में बड़ी परीक्षा

दूसरे चरण की लड़ाई में एनडीए और महागठबंधन दोनों ही गठबंधन अपनी पूरी ताकत झोंके हुए हैं।
जहां महागठबंधन अल्पसंख्यक और ग्रामीण वोट बैंक पर भरोसा जता रहा है, वहीं एनडीए विपक्ष पर “घुसपैठियों की रक्षा” का आरोप लगा रहा है।

प्रमुख उम्मीदवार

जेडीयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव सुपौल से लगातार आठवीं बार जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं।

बीजेपी के प्रेम कुमार गया टाउन सीट से लगातार आठवीं बार मैदान में हैं।

रेनू देवी (बेतिया), नीरेज कुमार सिंह ‘बबलू’ (छातापुर), लेशी सिंह (धमदहा), शीला मंडल (फुलपरास) और जामा खान (चैनपुर) की प्रतिष्ठा भी दांव पर है।

दिग्गजों के परिजन भी चुनावी मैदान में

उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता सासाराम से और उनके करीबी माधव आनंद मधुबनी से लड़ रहे हैं।

जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी इमामगंज सीट से मैदान में हैं, जबकि बाराचट्टी सीट उनकी सास ज्योति देवी के पास है।

चुनावी आंकड़े

कुल 45,399 मतदान केंद्र, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

18-19 वर्ष आयु वर्ग के 7.69 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं।

1.75 करोड़ महिला मतदाता इस चरण में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं।

नवादा जिले की हिसुआ सीट में सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं।

जीतन राम मांझी का बयान

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मतदान के बाद कहा —

“भारत के गणतंत्र की यही व्यवस्था है कि राष्ट्रपति और आम नागरिक दोनों का एक-एक वोट समान महत्व रखता है। प्रथम चरण में महिलाओं का 70% योगदान रहा, इस बार भी महिलाओं की भूमिका अहम होगी। हमारे 122 में से कम से कम 80 उम्मीदवार जीतेंगे।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.