- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर।;दिल्ली में हुए भीषण धमाके के बाद पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में मिर्जापुर प्रशासन ने माँ विंध्यवाशिनी धाम सहित जिले के सभी प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है।
कमिश्नर, आईजी और एसएसपी ने आज माँ विंध्यवाशिनी धाम पहुँचकर सुरक्षा इंतज़ामों का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए कि धाम क्षेत्र में आने-जाने वाले हर श्रद्धालु और वाहन की गहन चेकिंग सुनिश्चित की जाए।
धाम परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। वहीं, जिले के रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस व खुफिया विभाग के अधिकारी सक्रिय हैं।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इस बीच जिले भर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें चौराहों, हाईवे और मंदिर मार्गों पर हर आने-जाने वाले वाहन की जांच कर रही हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
