रामपुर नगर पालिका की बड़ी लापरवाही: नगर पालिका अध्यक्ष के साफ-सफाई के वादे निकले झूठे

रामपुर, 4 जुलाई: रामपुर नगर पालिका की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। वार्ड नंबर 41 रज़ा डिग्री कॉलेज, थाना गंज क्षेत्र में जनता के लिए बनाए गए टॉयलेट सुनसान और वीरान पड़े हैं। इन टॉयलेट्स में से लोहे के चैनल गेट, वॉश बेसिन, पाइपलाइन और अन्य फिटिंग्स को चोरों ने उड़ा लिया, और अब ये शौचालय पूरी तरह बेकार हो चुके हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष सना खानम द्वारा साफ-सफाई और जनहित में किए गए वादे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। एक तरफ तो बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, दूसरी ओर जनता के पैसे से बनाए गए सार्वजनिक सुविधाओं पर डाका डाला जा रहा है और अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका के ईओ और संबंधित अधिकारी जनहित के मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे। वार्ड में बना यह शौचालय अब बदहाल हालत में है और वहां बुनियादी सुविधाओं तक का नामोनिशान नहीं बचा है।

बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर पालिका प्रशासन को इस चोरी और सार्वजनिक संपत्ति की दुर्दशा की जानकारी है? अगर है, तो अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

यह मामला साफ तौर पर जनता के टैक्स के पैसों की बर्बादी और नगर प्रशासन की लापरवाही का प्रतीक बन गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.