भारत-पाक तनाव के बीच बड़ा असर: आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमलों के बाद 300 से अधिक उड़ानें रद्द, 25 एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद
नई दिल्ली, 8 मई 2025 — भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमलों के बाद उत्पन्न हुए हालात का असर देश के विमानन क्षेत्र पर भी देखने को मिल रहा है। सुरक्षा कारणों और हवाई क्षेत्र में लगाए गए अस्थायी प्रतिबंधों के चलते 300 से अधिक फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही श्रीनगर, अमृतसर, लेह, जम्मू समेत कम से कम 25 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
एयरलाइंस ने बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द कीं
इस फैसले से एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एअर और कुछ विदेशी एयरलाइंस प्रभावित हुई हैं। इंडिगो ने बयान में कहा है कि 10 मई की सुबह 5:29 बजे तक अमृतसर, श्रीनगर, लेह, चंडीगढ़, जोधपुर और अन्य हवाई अड्डों से उसकी 165 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
वहीं, एअर इंडिया समूह — जिसमें एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस शामिल हैं — ने बताया कि उसने लगभग 140 उड़ानें रद्द की हैं।
अस्थायी रूप से बंद एयरपोर्ट की सूची:
जम्मू, श्रीनगर, लेह, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़
जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला, जामनगर, भुज, राजकोट, किशनगढ़, बीकानेर आदि
क्यों लगे प्रतिबंध?
भारतीय सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की संभावित प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध एविएशन सेफ्टी और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर लगाए गए हैं। वायु क्षेत्र के अस्थायी रूप से बंद होने की अधिसूचना नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा जारी की गई है।
इंडिगो और एयर इंडिया की प्रतिक्रिया
इंडिगो ने कहा कि वह स्थिति पर करीबी नजर रख रही है और यात्रियों को रिफंड या वैकल्पिक फ्लाइट विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं एअर इंडिया ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले अपने उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें।
नोट: यात्रियों से अनुरोध है कि वे संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या हेल्पलाइन से संपर्क कर अपनी फ्लाइट की पुष्टि करें।
