बदायूं साइबर क्राइम थाना की बड़ी कार्रवाई – 55,241 रुपये शिकायतकर्ताओं को कराए वापस
ऑनलाइन ठगी के शिकार दो व्यक्तियों की धनराशि साइबर पुलिस ने लौटवाई
बदायूं, 11 जून: बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के प्रयास में साइबर क्राइम थाना जनपद बदायूं ने एक सराहनीय कार्य करते हुए दो अलग-अलग शिकायतकर्ताओं की ऑनलाइन ठगी से जुड़ी कुल ₹55,241 की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस दिलाई।
शिकायत मिलने पर तुरंत की गई कार्रवाई
शिकायतकर्ता शाहिद अली पुत्र अलीशेर खां, निवासी ग्राम जौनेरा थाना सहसवान, के साथ ₹84,680 की साइबर ठगी हुई थी। वहीं दूसरे शिकायतकर्ता मोहम्मद असलम खान पुत्र मोहम्मद मजहर खां, निवासी ककराला थाना अलापुर, से ₹30,241 की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई थी।
दोनों ने साइबर क्राइम थाना बदायूं में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संबंधित बैंक खातों को होल्ड/फ्रीज करवा दिया।
11 जून को वापस हुई धनराशि
पुलिस की सक्रियता के चलते दिनांक 11 जून 2025 को शाहिद अली को ₹25,000 तथा मोहम्मद असलम को ₹30,241 की राशि उनके बैंक खातों में सफलतापूर्वक ट्रांसफर कराई गई।
एसएसपी की जागरूकता पहल और अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं द्वारा आमजन को समय-समय पर साइबर अपराध से बचाव हेतु जागरूक किया जाता रहा है, साथ ही साइबर क्राइम थाना को ऐसी घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार वर्धन एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई पूरी मुस्तैदी से पूरी की।
जनता से साइबर सतर्कता की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी नंबर जैसे महत्वपूर्ण विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
यदि किसी के खाते से धोखाधड़ी से पैसा कटता है, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
