अमृतसर रूरल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

अमृतसर: ISI से जुड़ा भारतीय सैनिक और एक अन्य गिरफ्तार, पहलगाम हमले में भी था भूमिका

अमृतसर। पंजाब में लगातार सक्रिय आतंकी नेटवर्क और जासूसी मॉड्यूल पर शिकंजा कसते हुए अमृतसर रूरल पुलिस ने एक बड़ी खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक सेना से जुड़ा पूर्व जवान भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी फौजी और साहिल मसीह उर्फ शाली के रूप में हुई है।
SSP ग्रामीण मनिंदर सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह भारतीय सेना में 2016 से कार्यरत था और जम्मू में अपनी ड्यूटी कर रहा था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वह ISI हैंडलर राणा जावेद के सीधे संपर्क में था और पेन ड्राइव के जरिए भारत की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेजता था।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शामिल आतंकियों को भी गुरप्रीत ने जानकारी उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका उपयोग ISI से संपर्क साधने में किया जा रहा था।

जांच एजेंसियां अब यह भी खंगाल रही हैं कि कहीं इनका संबंध किसी अन्य राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय आतंकी गिरोह से तो नहीं है।

SSP मनिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि देश की अखंडता और संप्रभुता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस देशद्रोही गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए है और आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.