अमृतसर देहाती पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जिंदा ग्रेनेड, 30 बोर पिस्तौल और 10 राउंड बरामद
जिंदा ग्रेनेड, 30 बोर पिस्तौल और 10 राउंड बरामद पाकिस्तान आधारित हरिंदर सिंह रिंदा और यूके के धरमा संधू से संपर्क रिमांड के दौरान अन्य साथियों के बारे में होगा खुलासा डीआईजी नानक सिंह और एसएसपी मनिंदर सिंह के निर्देशों पर चल रहे अभियान का हिस्सा
अमृतसर: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। डीएसपी ग्रामीण इंदरजीत सिंह राजा संसी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई माननीय डीआईजी बॉर्डर रेंज नानक सिंह और एसएसपी मनिंदर सिंह आईपीएस के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
स्पेशल टीम इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह की अगुवाई में बच्छी विंड 30 प्वाइंट पर छापेमारी के दौरान मलकियत सिंह कीतू पुत्र उत्तम सिंह निवासी पंडोरी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक जिंदा ग्रेनेड, 30 बोर का पिस्तौल और 10 जिंदा राउंड बरामद हुए।
जांच में खुलासा हुआ कि मलकियत सिंह पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर हरिंदर सिंह रिंदा और यूके आधारित धरमा संधू के इशारों पर काम कर रहा था। हालांकि अब तक उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था, लेकिन पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान उसके अन्य साथियों और हथियारों की सप्लाई चेन को लेकर अहम जानकारी मिल सकती है।
डीएसपी इंदरजीत सिंह ने कहा कि हाल ही में अमृतसर में कई जगहों पर ग्रेनेड फेंकने के मामले सामने आए हैं। इस गिरफ्तारी से उन घटनाओं की कड़ी तक भी पुलिस पहुंच सकती है। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि जो भी तत्व पाकिस्तान या विदेशी गैंगस्टरों से मिलकर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
