अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग तस्कर ‘लक्की’ का एनकाउंटर, 3 किलो 154 ग्राम हेरोइन बरामद

अमृतसर। छेहरटा के पास पुलिस और कुख्यात ड्रग तस्कर ‘लक्की’ के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 किलो 154 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन और अन्य अहम सबूत बरामद किए।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही नशा विरोधी मुहिम के तहत यह बड़ी सफलता है। लक्की के खिलाफ धारा 307 समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज थे, जबकि उसके साथी निर्मल पर चोरी और स्नैचिंग के दो केस दर्ज हैं। गिरोह का तीसरा सदस्य मैनिक अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, पहले एसएचओ विनोद कुमार की टीम ने 150 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पूछताछ में लक्की से और 3 किलो हेरोइन मिली। जांच में खुलासा हुआ कि लक्की 2024 में दुबई गया था और वहीं से पाकिस्तान व यूरोप-आधारित ड्रग तस्करों से उसका संपर्क हुआ। इनसे मंगवाई गई बड़ी खेपें भारत में बेचने का काम किया जाता था, जिसकी डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी निर्मल संभालता था।

आज सुबह गुरु की वडाली क्षेत्र में बरामदगी के लिए ले जाते समय लक्की ने एएसआई जेवियर की 38 बोर रिवॉल्वर छीनकर पुलिस पर फायर कर दिया। एएसआई लखविंदर पाल ने पहले चेतावनी स्वरूप हवा में फायर किया, लेकिन आरोपी के दोबारा गोली चलाने पर जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मैनिक की गिरफ्तारी बाकी है और तकनीकी जांच जारी है। यह साफ है कि लक्की बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का अहम हिस्सा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.