सीएम योगी से मिले भाकियू प्रवक्ता, जताया आभार
योगी सरकार ने द गंगा सहकारी चीनी मिल के आधुनिकीकरण/विस्तारीकरण के लिए स्वीकृत किए 261.91 करोड़ रुपये भाकियू (अराजनैतिक) ने निर्णय को पश्चिमी यूपी के गन्ना किसानों के लिए ऐतिहासिक बताया
लखनऊ।भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने द गंगा सहकारी चीनी मिल, मोरना (मुजफ्फरनगर) के आधुनिकीकरण एवं विस्तारीकरण के लिए 261.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। धर्मेंद्र मलिक ने इस निर्णय को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों और चीनी उद्योग के लिए ऐतिहासिक बताया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा लिया गया यह निर्णय किसान हितैषी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत चीनी मिल की पेराई क्षमता को प्रथम चरण में 2500 टीसीडी से बढ़ाकर 3500 टीसीडी तथा भविष्य में 5000 टीसीडी तक ले जाने की योजना है। इसके लिए लगभग 262 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिलना यह स्पष्ट करता है कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, समयबद्ध गन्ना भुगतान सुनिश्चित करने और आधुनिक कृषि आधारित उद्योगों के विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि यह निर्णय न केवल मोरना क्षेत्र बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे गन्ने की पेराई में तेजी आएगी, किसानों को समय पर भुगतान मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इस कदम से चीनी मिल की उत्पादन क्षमता, दक्षता और तकनीकी स्तर भी आधुनिक होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों की आय और आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनकी दूरदर्शी नीतियों के कारण किसानों को समय पर भुगतान मिलेगा, मिलों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और पर्यावरण अनुकूल तकनीक को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध गन्ना मूल्य भुगतान, चीनी मिलों का आधुनिकीकरण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीण अधोसंरचना का विकास और किसान-कल्याणकारी योजनाएं किसानों के मन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ कर रही हैं।
अंत में धर्मेंद्र मलिक ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का गन्ना क्षेत्र निरंतर प्रगति करता रहेगा और किसान और अधिक सशक्त होंगे।
khabre junction
