- रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार
मोदीनगर (गाजियाबाद), 12 नवंबर; जिले के मोदीनगर कादराबाद स्थित उत्तम टोयोटा शोरूम पर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े सैकड़ों पुरुष एवं महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और शोरूम पर ताला जड़ दिया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कंपनी पर गाड़ी की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि किसान नेता विनोद यादव ने हाल ही में शोरूम से फॉर्च्यूनर गाड़ी खरीदी थी, लेकिन एक सप्ताह के भीतर ही उसका इंजन सीज हो गया।
किसानों ने मांग की है कि कंपनी या तो नई गाड़ी उपलब्ध कराए या फिर पूरी राशि लौटाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, धरना अनिश्चित काल तक जारी रहेगा और किसी भी टोयोटा शोरूम को सुचारू रूप से चलने नहीं दिया जाएगा।
इस मौके पर बाबा परमेंदर आर्य, नगर अध्यक्ष लालाराम, और सुनील शाहजहांपुर सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
किसानों ने कहा कि यदि कंपनी और प्रशासन ने जल्द सुनवाई नहीं की, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
