भारतीय किसान मजदूर मोर्चा की पंचायत में 5 सूत्रीय मांगों पर निर्णय, 25 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
सीकरी खुर्द। भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले सीकरी खुर्द गांव में धनबीर जी की बैठक पर एक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता बाबा टीकम सिंह ने की, जबकि संचालन राहुल प्रधान ने किया।
पंचायत में जनहित से जुड़ी पांच सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें प्रमुख रूप से सीकरी खुर्द की 1800 बीघा जमीन का दाखिल-खारिज शुरू कराना, सीकरी महामाया मंदिर के 25 करोड़ रुपये भवन निर्माण पर खर्च करने, सिबरा रोड फाटक एवं सीकरी रोड फाटक पर जाम से मुक्ति दिलाने, प्राइवेट डॉक्टरों की कथित लूट से राहत दिलाने के लिए सरकारी अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्र की जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण कराने की मांग शामिल रही।
सभी वक्ताओं के विचार सुनने के बाद मोर्चा अध्यक्ष डॉ. बबली गुर्जर, युवा विंग अध्यक्ष सतेंद्र शर्मा एवं महिला विंग अध्यक्ष नीरज प्रजापति ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए 25 फरवरी, बुधवार से तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान तक धरना जारी रहेगा।
पंचायत को संबोधित करने वालों में मोर्चा संरक्षक कालू चेयरमैन, रामदत्त शर्मा, विकल प्रधान, चमन नेताजी, राहुल प्रधान, धनबीर चंदीला, मोनू प्रधान, निर्दोष खटाना, नवाब अली, डॉ. एसके शर्मा, नवीन जैन, देव पंडित, एस.के. भाटी, सतवीर प्रजापति, बीर सिंह, साहब सिंह, विपिन जिंदल, आशीष कसाना, नरेंद्र ठाकुर, मनोज शर्मा, बलबीर भड़ाना सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
पंचायत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
