खतरनाक स्कैम से सावधान न ओटीपी पूछेंगे, न भेजेंगे लिंक बस ‘कॉल मर्ज’ और एक झटके में अकाउंट खाली:- एसपी डॉ.मयंक गुप्ता
ठगों ओर साइबर अपराधियों से सावधान,,,, सावधानी व सतर्कता ही साइबर अपराधियों से बचने का बेहतर उपाय :- एसपी
ऐलनाबाद सिरसा 6 मई ( एम पी भार्गव ) पुलिस अधीक्षक डॉ.मयंक गुप्ता ने आमजन को साइबर फ्रॉड के प्रति आगाह करते हुए कहा कि आए दिन स्कैमर्स नए-नए तरीके का स्कैम लेकर आ रहे हैं । आधुनिकता के इस युग में साइबर अपराधियों ने कॉल मर्ज स्कैम इजाद किया है, जिसमें किसी को शक की गुंजाइश नहीं रहती और व्यक्ति आसानी से साइबर अपराधियों का शिकार हो जाता है । उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अब न ओटीपी पूछेंगे,और न ही कोई लिंक या मेसेज भेजेंगे । बस, कॉल मर्ज की इस नई ट्रिक से आपके अकाउंट में सेंध लगाकर आपकी वर्षो की कमाई को मिनटों सेकेंडो में उड़ा देंगे । पुलिस अधीक्षक डॉ.मयंक गुप्ता ने बताया कि यदि आपके मोबाइल नंबर पर किसी अनजान व्यक्ति का फोन कॉल आता है,और कॉल करने वाला व्यक्ति यह दावा करता है, कि मैने आपका नंबर आपके किसी परिचित व्यक्ति से लिया है,और इससे पहले उसी से बात कर रहा था और आपको भी कॉल मर्ज करने के लिए कहता है तो सावधान हो जाएं । क्योकिं गलती से भी यदि आपने कॉल मर्ज कर दिया तो,आपका कॉल बैंक के ओटीपी वेरिफिकेशन कॉल से जुड़ जाएगा और आपके मोबाइल फोन पर आने वाला ओटीपी स्कैमर्स के पास पंहुच जाएगा । साइबर अपराधी आसानी से आपके खाते से पैसे उडा देंगे । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति को फोन कॉल आता है,तो सावधान रहे तथा कॉल मर्ज करने से बचें सावधानी व सतर्कता ही साइबर फ्रॉड से बचने का बेहतर तरीका है । पुलिस अधीक्षक डॉ.मंयक गुप्ता ने आमजन को साइबर फ्रॉड के प्रति आगाह करते हुए कहा कि डिजिटल युग में जहां टेक्नोलॉजी हमारी जिंदगी को आसान बना रही है,वहीं साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे है । उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी समय-समय पर फ्रॉड के नए तरीके ईजाद कर लोगों के खाते खाली कर रहे है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर फ्रॉड करने वाले आजकल कॉल मर्ज स्कैम के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे है । उन्होंने बताया कि यदि आप भी यूपीआई या ऑनलाइन नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करते हैं, तो इस नए कॉल मर्ज स्कैम के बारे में जानना बेहद जरूरी है । उन्होंने बताया कि यदि आपके पास ऐसे फ्रॉड कॉल आते है, तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवा सकते है,या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क कर सकते है ।
