नई दिल्ली। सर्दियों के मौसम में अधिकतर लोग गर्म या गुनगुने पानी से नहाना पसंद करते हैं, लेकिन कुछ लोग आदत या शौक के चलते ठंडे पानी से ही स्नान करते हैं। हालांकि ऐसा करने से शरीर को ताजगी का एहसास तो होता है, लेकिन इसके कई नुकसान भी हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ठंड के मौसम में अत्यधिक ठंडे पानी से नहाना सभी के लिए सुरक्षित नहीं होता।
एनआईआईएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के चिकित्सा विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. सुमोल रत्ना का कहना है कि हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है और ठंडा पानी हर किसी को सूट नहीं करता। सर्दियों में बहुत ठंडे पानी से नहाने पर शरीर का तापमान अचानक गिर सकता है, जिससे नाक, गले और सांस की नलियों में सिकुड़न आ जाती है। कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में इससे सर्दी-जुकाम, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में दिक्कत बढ़ सकती है। अस्थमा और एलर्जी के मरीजों के लिए यह स्थिति और भी परेशानी पैदा कर सकती है।
ब्लड प्रेशर और दिल पर असर
डॉ. रत्ना के अनुसार, ठंडे पानी से नहाने पर ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ सकता है। हार्ट के मरीजों, हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों और बुजुर्गों में इससे चक्कर आना, घबराहट या सीने में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे मामलों में यह स्थिति दिल के लिए भी जोखिम भरी साबित हो सकती है।
मांसपेशियों और जोड़ों की समस्या
अत्यधिक ठंडा पानी मांसपेशियों और जोड़ों पर भी नकारात्मक असर डालता है। इससे मांसपेशियों में अकड़न आ सकती है और घुटनों, कमर या गर्दन के दर्द में बढ़ोतरी हो सकती है। जिन लोगों को पहले से गठिया या जोड़ों की समस्या है, उनके लिए ठंडे पानी से नहाना दर्द को और बढ़ा सकता है।
त्वचा हो सकती है रूखी
विशेषज्ञ बताते हैं कि बहुत ठंडा पानी त्वचा के प्राकृतिक तेलों को कम कर देता है, जिससे स्किन रूखी, खुरदरी और खुजलीदार हो सकती है। ड्राई स्किन वालों में फटी त्वचा और जलन की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। इसके अलावा कुछ लोगों को ठंडे पानी से नहाते समय चक्कर या कमजोरी भी महसूस हो सकती है, जिससे फिसलने और चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है।
कैसे करें सुरक्षित स्नान
डॉक्टरों की सलाह है कि सर्दियों में नहाने के लिए हल्का गुनगुना या सामान्य तापमान का पानी सबसे बेहतर रहता है। अगर ठंडे पानी से नहाना ही हो तो पहले हाथ-पैर पर पानी डालकर शरीर को धीरे-धीरे तैयार करना चाहिए। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष रूप से ज्यादा ठंडे पानी से नहाने से बचना चाहिए। शरीर की जरूरत और मौसम के अनुसार स्नान की आदत अपनाना ही सबसे सुरक्षित और समझदारी भरा तरीका माना जाता है।
khabre junction
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
