बाराबंकी: शिवरात्रि (फाल्गुनी मेला–2026) को लेकर डीएम-एसपी ने लोधेश्वर महादेवा मेला क्षेत्र का किया व्यापक निरीक्षण
- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी – शिवरात्रि (फाल्गुनी मेला–2026) के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा लोधेस्वर महादेवा मेला क्षेत्र तहसील रामनगर का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, स्नान घाटों, दर्शन पथ, मेला क्षेत्र एवं प्रमुख आवागमन मार्गों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 05 जोन एवं 9 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इनके साथ उनके काउंटरपार्ट पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की गई है, जिससे प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक एवं प्रभावी इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग, नियंत्रित प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा निरंतर निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा प्राप्त हो सके।
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहराव हेतु मेला क्षेत्र एवं उसके आसपास व्यापक स्तर पर रैन बसेरों एवं अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है। इन स्थलों पर पेयजल, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं/कांवड़ियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता इसके लिए सतत निगरानी के निर्देश दिए गए है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सतत निगरानी के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। समस्त सीसीटीवी फीड की सतत मॉनिटरिंग हेतु कंट्रोल रूम को 24×7 क्रियाशील रखा जाएगा। उन्होंने प्रभावी बैरिकेडिंग, निरंतर पुलिस गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा श्रद्धालुओं एवं उपस्थित पत्रकार बंधुओं से मेला व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया, जिसमें सभी ने एक स्वर में प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस दौरान सीडीओ अन्ना सुदन, एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम रामनगर गुंजिता अग्रवाल सहित सभी सम्बन्धित जनपदस्तरीय अधिकारी व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।
