पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना की मांग को लेकर बार एसोसिएशन मोदीनगर ने प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
मोदीनगर, 4 अगस्त: बार एसोसिएशन मोदीनगर द्वारा आज भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना की मजबूत एवं तात्कालिक मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जिसकी आबादी लगभग 7 करोड़ है, को न्याय प्राप्ति के लिए इलाहाबाद स्थित उच्च न्यायालय जाना पड़ता है, जो कि क्षेत्र से लगभग 600 से 700 किलोमीटर की दूरी पर है। इतनी लंबी दूरी के कारण आम जनता, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं न्यायिक अधिकारियों को न्याय तक पहुंचने में भारी असुविधा एवं आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ता है, जिससे सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय प्राप्त करना अत्यंत कठिन हो गया है।
बार एसोसिएशन मोदीनगर का यह प्रतिनिधिमंडल एसोसिएशन अध्यक्ष चौ. जगवीर सिंह एडवोकेट एवं सचिव नकुल त्यागी एडवोकेट के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी मोदीनगर के माध्यम से यह ज्ञापन प्रधानमंत्री कार्यालय को सौंपने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत कुमार, सहसचिव अरुण कुमार, कोषाध्यक्ष देवेश शर्मा, मीडिया प्रभारी राजकुमार चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता, उत्तम त्यागी, उन्मेष शर्मा, विक्रांत, अमरदीप नेहरा, विशाल शर्मा, सोनी कुशवाहा सहित अनेक अधिवक्ता शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री से अपील की कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की विशाल आबादी और क्षेत्रीय असुविधा को देखते हुए न्यायिक ढांचे को सशक्त करने हेतु इस क्षेत्र में हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना की जाए, जिससे आम नागरिकों को उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु न्याय आसानी से उपलब्ध हो सके।
